ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 04 अप्रैल 2026। सदर तहसील में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की गई।
इस दौरान कुल 39 मामले प्रस्तुत हुए, जिनमें से 4 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों के मामले सामने आए। इनमें राजस्व विभाग के 21, पुलिस विभाग के 13, विकास विभाग के 2 तथा अन्य विभागों के प्रकरण शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मामलों का निस्तारण गुण-दोष के आधार पर पारदर्शी और प्रभावी तरीके से करें।
इसके साथ ही अधिकारियों को आई-गॉट साधना सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न ऑनलाइन कोर्स समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार पंकज शाही, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, डीआईओएस पी.के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।