ब्यूरो रिपोर्ट /दिलीप कुमार पाण्डेय महराजगंज
महराजगंज, दिनांक 21 मार्च 2026। प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के चौथे दिन कृषि सेक्टर में विगत नौ वर्षों में प्राप्त उपलब्धियों तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के स्वागत के साथ किया गया।
जिलाधिकारी ने सभागार में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। इन वर्षों में प्रदेश ने विकास की दिशा में कई अहम पड़ाव पार किए हैं और 2047 तक भारत को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा में जनपद महराजगंज ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई है।
उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, अवसंरचना, पर्यटन के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। जनपद में लगभग 4 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त प्राप्त हुई है। 1,34,700 से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 297.72 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई है।
गन्ना किसानों को 890 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि लगभग 1.28 लाख किसान सहकारिता समितियों से जुड़े, जिससे समितियों को 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी प्राप्त हुई और उनका कारोबार बढ़ा।
निराश्रित गोवंश संरक्षण के तहत 31 केन्द्र स्थापित किए गए तथा 95 लाख से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया गया। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान क्रय योजना के अंतर्गत 3,78,204 किसानों से धान खरीद कर 4.01 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, वहीं 1,78,847 किसानों से गेहूं की खरीद की गई, जिसके सापेक्ष 1.21 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
जिलाधिकारी ने किसानों से रासायनिक खाद के सीमित उपयोग और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों के प्रयोग की अपील की। उन्होंने जैविक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और उत्पादन में सुधार होगा। साथ ही किसानों को पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी जैसे व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय वानिकी दिवस के अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वन, नदियां और भूमि हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। इस दौरान उपस्थित लोगों को गंगा शपथ भी दिलाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नवनिर्माण के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विभिन्न सेक्टरों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और वंचित वर्ग तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए किसानों से व्यवसायिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन, रेशम और मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा विकास भवन परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने सभी से प्रति वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज मौर्या द्वारा किया गया।