न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार
महराजगंज, 5 अक्टूबर। आगामी दशहरा एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को सिसवा कोठीभार थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, दुर्गा पूजा समितियों तथा आयोजकों से संवाद करते हुए त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम निचलौल अविनाश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र सिंह तथा थाना प्रभारी कोठीभार अखिलेश कुमार वर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि दशहरा और दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक एकता के पर्व हैं। ऐसे में सभी पूजा समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन करें और किसी भी स्थिति में ऐसा कार्य न किया जाए जिससे दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों।
पंडालों और विसर्जन मार्गों पर रहेगी विशेष नजर
अधिकारियों ने पूजा समितियों से पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, विद्युत तारों की सुरक्षित व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। पंडाल एवं विसर्जन मार्ग पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आयोजकों को पहले से तैयारी रखने की सलाह दी गई।
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं स्थान का ही प्रयोग करने, जुलूस में अनुशासन बनाए रखने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रयोग करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार की खुशी में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अफवाहों पर ध्यान न दें, तत्काल पुलिस को दें सूचना
बैठक में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि, विवाद या किसी प्रकार की समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
अधिकारियों का वर्जन
एसडीएम निचलौल अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा और दशहरा का पर्व सभी लोग शांतिपूर्ण एवं उत्साह के साथ मनाएं। पूजा समितियां निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी।
क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी आयोजकों से अपेक्षा है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखेगी और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी कोठीभार अखिलेश कुमार वर्मा ने कहा कि थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूजा समितियों और क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपेक्षा है। सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना दें।