महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध और नए कानूनों की दी जानकारी, बाल विवाह व दहेज प्रथा के खिलाफ किया जागरूक।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/कोठीभार।
महराजगंज। महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को थाना कोठीभार की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने सबया स्थित शिव नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नए कानूनों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में टीम ने बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। छात्र-छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो अधिनियम तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया।
पुलिस टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। साथ ही साइबर अपराधों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को आपातकालीन एवं सहायता सेवाओं के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी, महिला उपनिरीक्षक लकी पटेल, महिला कांस्टेबल मानसी वर्मा और कांस्टेबल विकास कुमार मौजूद रहे।