राजस्व वसूली में सुस्ती पर एडीएम सख्त, 50 प्रतिशत से कम वसूली पर जताई नाराजगी!

छह माह बीतने के बाद लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने के निर्देश, बैनामे और दाखिल-खारिज में अनियमितता मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज, 09 अक्टूबर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत से कम वसूली पाए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में स्टाम्प, आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, विद्युत, वानिकी और मंडी समिति सहित विभिन्न विभागों एवं निकायों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष के छह माह से अधिक समय बीत चुका है। ऐसे में राजस्व वसूली की धीमी प्रगति गंभीर विषय है। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए वसूली बढ़ाने की हिदायत दी।

 

बैनामे और दाखिल-खारिज में अनियमितता पर कार्रवाई की चेतावनी

 

अपर जिलाधिकारी ने अनियमित तरीके से किए जा रहे बैनामों और दाखिल-खारिज से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए सब-रजिस्ट्रार एवं तहसीलदारों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान अनियमितता सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर

 

बैठक में जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाए रखने के लिए अधिकारियों को लक्ष्य केंद्रित कार्य करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने धारा 116, 34 एवं 24 के अंतर्गत लंबित मुकदमों पर विशेष ध्यान देते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा अंश निर्धारण, ई-परवाना, अंश संशोधन तथा एंटी भू-माफिया से जुड़े मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

 

बैठक में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला आबकारी अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *