गैर-परंपरागत आयोजनों पर रोक, भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर होगी कड़ी कार्रवाई; सुरक्षा, बिजली, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज, 09 अक्टूबर 2026। दशहरा, दीपावली और छठ सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं एवं प्रबुद्धजनों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही शासन की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। किसी भी स्थिति में गैर-परंपरागत आयोजन न किया जाए। आयोजक प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान हैं। ऐसे में कोई भी ऐसा कार्य न किया जाए, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर रहेगी नजर!
डीएम ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर एआई (AI) से तैयार भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट पर पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी निगरानी है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों से लेकर विसर्जन घाट तक सुरक्षा के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ को थानों पर संयुक्त बैठक कर पूजा पंडालों की व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर जर्जर एवं लटकते तारों की मरम्मत कराने तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
मूर्ति विसर्जन स्थलों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, चिकित्सा सुविधा और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
डीजे संचालकों को पहले ही जारी हो चुके हैं नोटिस
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि आगामी एक महीने तक त्योहारों का माहौल रहेगा। सभी लोग प्रशासन और पुलिस का सहयोग करते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में किसी भी छोटी-बड़ी घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दें और पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का दिया आश्वासन
बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजनों ने अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि दशहरा, दीपावली, छठ सहित सभी आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम, सीओ, अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।