न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज, 9 अक्टूबर 2026। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने घुघली और सिसवा बाजार में विभिन्न किराना दुकानों का निरीक्षण कर चार खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
अभियान के तहत घुघली बाजार स्थित ओमप्रकाश किराना स्टोर का निरीक्षण कर बेसन का नमूना लिया गया। वहीं, सिसवा बाजार में बजरंगी किराना स्टोर से तिन्नी चावल, सांई प्रोविजन स्टोर से पनीर तथा दीपक किराना स्टोर से साबूदाना का नमूना संग्रहित किया गया।
विभाग की ओर से सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। साथ ही दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह और पवन कुमार गोंड शामिल रहे। विभाग ने पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई की।