Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
महराजगंज। दशहरा एवं मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुहानी घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मूर्ति विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ प्रबंधन तथा आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान पर्याप्त सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
घाट पर संभावित भीड़ को देखते हुए आवागमन व्यवस्था सुचारु रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने तथा आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि दशहरा और मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
महराजगंज पुलिस ने त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।