Bureau Report/ News 18 Plus/ Sindooriya
झनझनपुर समेत पांच स्थानों से गाजे-बाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा, जयकारों से गूंजा क्षेत्र।
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। झनझनपुर समेत विभिन्न गांवों में युवाओं और महिलाओं ने गाजे-बाजे के साथ भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए मां दुर्गा को भावपूर्ण विदाई दी। इस दौरान पूरा क्षेत्र मां के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चार दिनों तक विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार को दशमी के अवसर पर श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए लेकर निकले। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए।
सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में मंगलवार को कुल पांच दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें झनझनपुर, मुजहना बुजुर्ग, भेड़िया, पिपरा कल्याण और शिव मंदिर बरवां कला की प्रतिमाएं शामिल रहीं।
वहीं चौकी प्रभारी मनोज यादव ने बताया कि विसर्जन के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी रही और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। पुलिस टीम ने जुलूस के दौरान आवश्यक व्यवस्था बनाए रखते हुए विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम मुस्तैद रही। पुलिस की मौजूदगी में सभी प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।