*धनतेरस-दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, व्यापारियों के साथ एसपी ने की बैठक!*

Bureau Report News 18 Plus Maharajganj

 

सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश, नकदी व कीमती सामान ले जाने पर पुलिस से सहयोग लेने की अपील।

 

 

महराजगंज। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, प्रमुख व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारियों को विशेष सतर्कता बरतने और प्रतिष्ठानों के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है।

 

नकदी और कीमती सामान ले जाने पर पुलिस से लें सहयोग

 

एसपी ने व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायियों को बताया कि यदि किसी प्रतिष्ठान से अधिक मात्रा में नकदी या कीमती सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना हो, तो संबंधित स्थानीय थाने से संपर्क कर पुलिस सुरक्षा के संबंध में आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

बैठक में पुलिस एवं व्यापारियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे उनका समयबद्ध निराकरण किया जा सके। त्योहारों के दौरान जिले में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना और आमजन को निर्भीक होकर खरीदारी करने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

 

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, जनपद के प्रमुख व्यापारी एवं स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *