*पीईटी परीक्षा को लेकर महराजगंज में यातायात व्यवस्था में बदलाव, भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj

 

30 अक्टूबर और 1 नवंबर को सुबह 7 से शाम 7 बजे तक लागू रहेगी नो-एंट्री, चार स्थानों पर बनाए गए डायवर्जन पॉइंट।

 

महराजगंज। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के मद्देनजर महराजगंज कस्बे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह व्यवस्था 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को लागू रहेगी। दोनों दिनों में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक कस्बे में भारी और वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

 

परीक्षा महराजगंज कस्बे के छह केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यह यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है, ताकि आवागमन सुचारु रहे और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

 

चार स्थानों पर रहेगी नो-एंट्री और डायवर्जन व्यवस्था

 

यातायात नियंत्रण के लिए सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी पर नो-एंट्री एवं डायवर्जन पॉइंट निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों को नियंत्रित कर निर्धारित यातायात व्यवस्था के अनुसार संचालित किया जाएगा।

 

हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और रोडवेज यात्री बसों के संचालन पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें तथा परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *