*दीपावली और छठ पर्व को लेकर सीओ रविन्द्र सिंह व थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने संभाली सुरक्षा की कमान, पुलिस बल के साथ कस्बे में किया पैदल गश्त!*

Bureau Report /News 18 Plus/ Siswa Kothibar 

 

सिसवा कोठीभार में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, आमजन से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील।

 

 

महराजगंज। दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सिसवा कोठीभार कस्बे में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी डीपी मौर्य तथा पुलिस बल के जवानों ने कस्बे के प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों को त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का संदेश दिया।

 

क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि दीपावली और छठ पर्व हमारी संस्कृति एवं परंपरा के महत्वपूर्ण त्योहार हैं। इन पर्वों को सभी लोग आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार की खुशियां मना सके। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए थाना क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और गश्त बढ़ाई गई है। बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं, किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पैदल गश्त के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ ही असामाजिक तत्वों को भी सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *