*सोनौली में 32 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध मौत की जांच को लेकर फिर से बवाल*

रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी 

प्रधान सम्पादक 

 

मायके पक्ष का भारत में विशाल जुलूस, प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

महराजगंज जिले के सोनौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सोनौली-घनश्याम नगर में 32 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। मृतका कमला देवी (32) पत्नी रमेश अग्रहरि की मौत के बाद मामला तनावपूर्ण होता जा रहा है। बीते कुछ दिन पहले कमला देवी की अचानक मौत के बाद मायके पक्ष ने पति पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। जानकारी के अनुसार रमेश अग्रहरि (35) निवासी वार्ड 12, सोनौली-घनश्याम नगर ने लगभग 17 वर्ष पहले नेपाल निवासी कमला देवी से विवाह किया था। दंपति के दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र 12 और 15 वर्ष बताई जा रही है।

 

मृतका के पति रमेश ने बताया था कि कि सुबह करीब 9:30 बजे कमला के पेट में तेज दर्द उठा। परिवार वाले उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पति के अनुसार उसने सबसे पहले मृतका के मायके वालों को ही सूचना दी।

 

लेकिन दूसरी ओर, मृतका के पिता विनोद पांडेय ने बेटी की मौत को पूरी तरह संदिग्ध बताया था। उनका आरोप था कि ससुराल पक्ष बिना पोस्टमार्टम के ही उसका अंतिम संस्कार करना चाहता था और पूरे मामले को छुपाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। उन्होंने सोनौली पुलिस से जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

भारत में मायके पक्ष का बड़ा प्रदर्शन

मामले को लेकर आज मृतका के मायके पक्ष और नेपाल के स्थानीय लोगों ने भारत में एक विशाल जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और आरोप लगाया कि मामले में लापरवाही बरती जा रही है। परिजनों ने यूपी प्रशासन से निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने और आरोपी पक्ष पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक संगठन और नेपाल के स्थानीय युवा शामिल हुए, जिन्होंने मृतका के लिए न्याय की मांग की।

सोनौली पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है। आश्वासन दिया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *