*मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सिसवा में 682 जोड़ों ने थामा जीवनभर का साथ!*

ब्यूरो रिपोर्ट/ सुनील कुमार पाठक 

सिसवा बाजार महाराजगंज 

 

मंत्रोच्चार, बौद्ध रीति व इस्लामिक परंपरा से संपन्न हुए विवाह, लोगों ने की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना!

महराजगंज जिले के सिसवा बाजार महराजगंज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से महराजगंज जनपद की सिसवा नगर पालिका में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिसवा विधायक एवं उत्तर प्रदेश पंचायती राज सभापति प्रेम सागर पटेल तथा जिलाधिकारी संतोष शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में कुल 682 जोड़ों ने सामूहिक विवाह में सम्मिलित होकर गृहस्थ जीवन का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम की भव्यता और भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व यातायात की सुदृढ़ व्यवस्था की गई। कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना चौक, निचलौल, ठूठीबारी, भटौली, कोतवाली, घुघूली सहित यातायात पुलिस की टीम ने मुस्तैदी से व्यवस्था संभाली और पूरे कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण बनाए रखा।

 

मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में सिसवा नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख कोदई निषाद तथा सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल के पुत्र व प्रतिनिधि धर्मवीर पटेल ने दीप प्रज्वलित कर सामूहिक विवाह का उद्घाटन किया। वैदिक परंपरा के अनुसार ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वहीं, बौद्ध धर्म अपनाने वाले जोड़ों का विवाह बौद्ध विद्वानों द्वारा बौद्ध रीति से कराया गया। मुस्लिम समुदाय के जोड़ों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इस्लामिक परंपरा के अनुसार निकाह संपन्न हुआ।

 

सरकार की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को निर्धारित विवाह सामग्री प्रदान की गई, जिसमें साड़ी, सेट, चुनरी, पैंट-शर्ट, गमछा, चांदी की पायल व बिछिया, डिनर सेट, कुकर, कड़ाही, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेडशीट, कंबल, गद्दा, तकिया, सिंघोरा, कंगन आदि शामिल रहे। सामग्री पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

 

आयोजन स्थल पर नाश्ता, पानी व भोजन की भरपूर व्यवस्था की गई थी। बीच-बीच में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चलते रहे, जिससे माहौल उत्सवमय बना रहा। भांगड़ा सहित अन्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।

 

इस सामूहिक विवाह में पनियरा, परतावल, निचलौल, घुघूली, सिसवा, मिठौरा और सदर—कुल सात ब्लॉकों से आए लाभार्थियों ने सहभागिता की और अपने जीवन की नई शुरुआत की।

यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता का उदाहरण बना, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी सशक्त संदेश देकर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *