*बाइक टक्कर मे महिला समेत दो घायल।*

ब्यूरो रिपोर्ट/विशाल रौनियार 

ठुठीबारी, महराजगंज 

ठूठीबारी निचलौल मार्ग पर भरवालिया ढाला के समीप गुरुवार शाम करीब छह बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक चालकों सहित एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार शीतलापुर निवासी नवल गुप्ता पुत्र राजकिशोर ठूठीबारी से निचलौल की ओर जा रहे थे। उसी समय लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी रमजान अली अपनी पत्नी शहनाज के साथ निचलौल से ठूठीबारी की ओर आ रहे थे। भरवालिया ढाला के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे नवल गुप्ता और रमजान अली की पत्नी शहनाज घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को संभाला गया और सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से दोनो घायलों को निचलौल सीएचसी भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी नबीन चौधरी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *