नेपाल,काठमांडू एयरपोर्ट पर गाज़ा सहित चार भारतीय गिरफ्तार, काफ़ी–चॉकलेट के बीच छुपाकर ला रहे थे गाजा

 

 

 

रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया

ठूठीबारी, इंडो–नेपाल बॉर्डर

 

थाईलैंड से आए फ्लाइट में सशस्त्र पुलिस बल की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो से अधिक गाजा बरामद—चार भारतीय नागरिक हिरासत मे

 

पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में नशा तस्करी के प्रयास पर सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे थाईलैंड से बैंकाक होते हुए आए विमान से चार भारतीय नागरिकों को भारी मात्रा में गाजा (मारिजुआना) के साथ गिरफ्तार किया गया।

 

एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय कस्टम सुरक्षा क्षेत्र में सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने यात्रियों के लगेज की रूटीन जांच के दौरान संदिग्ध पैकेटों को पकड़ा। तलाशी में 10 किलो 960 ग्राम गाजा बरामद किया गया, जिसे बड़े ही शातिर तरीके से काफ़ी और चॉकलेट के पैकेटों के बीच छुपाकर रखा गया था, ताकि स्कैनिंग और सामान्य जांच के दौरान पहचान न हो सके।

 

सशस्त्र पुलिस बल के मुताबिक पकड़े गए चारों आरोपियों ने स्वयं को भारतीय नागरिक बताया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान इस प्रकार की गई––

 

शाजिया (38 वर्ष)

 

रायश अहमद (48 वर्ष)

 

फातिमा (73 वर्ष)

 

हदी अहमद (11 वर्ष)

 

 

पहली नज़र में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी महिलाएं व परिवार के सदस्य होने के कारण सुरक्षा जांच में सामान्य समझकर इन्हें छूट मिलने की संभावना से तस्करों ने इसी रास्ते का चयन किया। लेकिन सतर्क सुरक्षा टीम ने सामान की गहराई से जांच करते हुए नशे के इस जखीरे का पर्दाफाश किया।

 

बरामद सामग्री और आरोपियों को सशस्त्र पुलिस बल ने अपने नियंत्रण में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए संबंधित विभागों को सौंप दिया है। मामले की गंभीरता देखते हुए नेपाल की जांच एजेंसियां भारतीय नेटवर्क एवं अंतरराष्ट्रीय तस्करी कनेक्शन की भी जांच में जुट सकती हैं।

 

एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने इसे अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी पर बड़ी रोक बताते हुए कहा कि नेपाल पारगमन का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय रूट एक्टिव करने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सतर्क सुरक्षा तंत्र ऐसे प्रयासों को विफल करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *