दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, सिंदुरिया पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा पीड़िता बोली दहेज नहीं न्याय चाहिए

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

 

पीड़िता की आवाज़ पर हरकत में पुलिस

 

 

महराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा चौरसिया टोला निवासी महिला निशू ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न व मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सिंदुरिया पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पीड़िता निशू के अनुसार, उसका विवाह बीते 2 जून को कृष्णा यादव पुत्र घनश्याम यादव निवासी सवलपुर भनौटी, थाना औराई, जनपद भदोही से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह के बाद पति उसे लेकर मुंबई चले गए, जहां लगभग एक माह तक सब कुछ सामान्य रहा। इसी दौरान एक दिन पति अचानक निशू को अकेला छोड़कर कहीं चले गए और वापस नहीं लौटे। काफी इंतजार के बाद निशू मुंबई से अपने मायके ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा लौट आई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी।

 

कुछ दिनों बाद मायके वालों के साथ वह अपने ससुराल भदोही पहुंची, जहां पंचायत के बाद वह ससुराल में रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल में रहने के लगभग 15 दिन बाद ससुर घनश्याम यादव, सास और ननद द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया।

 

पीड़िता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संबंध में सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

गौरतलब है कि दहेज उत्पीड़न के मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित संज्ञान और कानूनी कार्रवाई पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *