*उर्वरक अनियमित बिक्री और पत्रकार से मारपीट के आरोप में बड़ी कार्रवाई सिंह खाद भण्डार लाइसेंस निरस्त।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

किसानों के हितों से खिलवाड़ पर प्रशासन सख्त, जांच तक खाद बिक्री पर रोक

महराजगंज जनपद में उर्वरक की कालाबाजारी और किसानों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कृषि अधिकारी महराजगंज द्वारा जारी पत्रांक 1199/4-कृषि/आई०जी०आर०एस०/2025-26, दिनांक 23 दिसम्बर 2025 के अनुसार जनसुनवाई (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण के क्रम में यह कार्रवाई की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, पत्रकार धमेन्द्र कशौधन पुत्र रामसावरे, निवासी हरदी, विकासखंड मिठौरा, जनपद महराजगंज द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40018725026940 दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मे० सिंह खाद भण्डार, भरोहिया ढाला, विकासखंड मिठौरा द्वारा उर्वरकों की अनियमित बिक्री की जा रही है तथा शिकायतकर्ता के साथ मारपीट भी की गई।

 

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सहायक विकास अधिकारी (कृषि), विकासखंड मिठौरा द्वारा जांच प्रारम्भ की गई। जांच लंबित रहने तक एहतियातन कार्रवाई करते हुए मे० सिंह खाद भण्डार, भरोहिया ढाला का उर्वरक निबंधन प्रमाणपत्र निलम्बित कर दिया गया है। साथ ही दुकान पर उर्वरकों की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 

जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच पूर्ण होने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है। वहीं खाद कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। कृषि विभाग ने जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे शासन के नियमों का पालन करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *