सिसवा–कोठीभार में बेखौफ अवैध मिट्टी खनन, खनन विभाग मौन ,नदी लूटी जा रही है, जिम्मेदार मौन 

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

जनपद महराजगंज के सिसवा–कोठीभार थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। मटियारिया रेलवे लाइन के खेखड़ा पुल के पास नदी के किनारे खुलेआम मिट्टी की खुदाई की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध खनन को छिपाने के लिए खोदी गई जगह पर खरपतवार डालकर उसे ढकने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ऊपर से सब कुछ सामान्य दिखे।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह अवैध खनन कार्य जेसीबी मशीन से किया जा रहा है, जो देवरिया जनपद की बताई जा रही है। खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

बताया जा रहा है कि नदी के किनारे इस तरह की मनमानी खुदाई से न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि रेलवे लाइन और पुल की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। इसके बावजूद खनन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रही है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद भी यदि जिम्मेदार विभाग मौन रहे, तो यह साफ तौर पर मिलीभगत की ओर इशारा करेगा।

 

अब देखना यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन और खनन विभाग इस मामले में कब तक संज्ञान लेते हैं और अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *