ब्यूरो रिपोर्ट/ विशाल रौनियार
ठूठीबारी महाराजगंज
ठुठीबारी महराजगंज इंडो नेपाल सीमा से सटे ग्राम पंचायत ठूठीबारी स्थित यात्री प्रतीक्षालय के बगल में बना सामुदायिक शौचालय इन दिनों बदहाली का शिकार है। महीनों से शौचालय की खराब स्थिति के चलते यहां प्रतिदिन आवागमन करने वाले सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फर्श क्षतिग्रस्त, साफ-सफाई के अभाव, पानी की कमी के कारण शौचालय उपयोग लायक नहीं रह गया है।
बता दे ठूठीबारी यात्री प्रतीक्षालय के समीप बस / टैक्सी पार्किंग स्टैंड है जहां से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण , बाजार आने-जाने वाले लोगों तथा नेपाल सीमा की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय पर ताला बंद या बदहाल होना यात्रियों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। मजबूरी में यात्रियों को खुले में शौच या दूर-दराज विकल्प तलाशने पड़ते हैं, जिससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक दिक्कत होती है। आवागमन कर रहे यात्रियों व स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शौचालय की दुर्दशा की शिकायत कई बार जिम्मेदारों को अवगत कराई गई, लेकिन अब तक बदहाल शौचालय चालू नहीं हो सका। जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।
इस बाबत पंचायत सचिव पिंटू रौनियार ने बताया कि उक्त सामुदायिक शौचालय की स्थिति उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि शौचालय का जल्द ही कायाकल्प कराकर उसे पुनः चालू कराया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके।