रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
सीमा सुरक्षित – नशे के सौदागर बेनकाब
महराजगंज। सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। महराजगंज पुलिस ने 30 दिसंबर 2025 की रात सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान 27.52 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा था।
संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीडाली स्थित मुर्गी फार्म के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा, जिनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 27.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल, कांस्टेबल गुलशन यादव और कांस्टेबल अवनीश यादव शामिल रहे। वहीं एसएसबी डंडा हेड बीओपी से निरीक्षक/सा राजीव कुमार, मुख्य आरक्षी/सा मनोज कुमार पाण्डेय, मुख्य आरक्षी/सा विदेश रजक, आरक्षी/सा नवीन कुमार और आरक्षी/सा रमेश चंद्र यादव ने भी संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान में अहम भूमिका निभाई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रजनीश कुमार निषाद (29 वर्ष), मोहित केवट (21 वर्ष) एवं खोबलाल केवट (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्त नेपाल के रूपनदेही जनपद अंतर्गत कंचनपुर सूर्यपुरा एवं गुलरिया सूर्यपुरा गांव पालिका के निवासी बताए गए हैं।
इस संबंध में थाना सोनौली पर 31 दिसंबर 2025 को मु0अ0सं0 127/2025 धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय महराजगंज में पेश कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में नशे की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।