ब्यूरो रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया
ठूठीबारी, महराजगंज
भोजन-पानी की तलाश में आबादी तक पहुंचा वन्यजीव, दहशत में आए ग्रामीण — समान टूटा, लोग रहे सहमे
महाराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा धर्मौली में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल से भटककर एक सांभर (बारहसिंगा प्रजाति का हिरण) अचानक गांव की आबादी में घुस आया। शांत माहौल वाले गांव में वन्यजीव की अप्रत्याशित एंट्री से लोग दहशत में आ गए और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांव के लोगों के मुताबिक सांभर घबराहट में तेजी से भागता हुआ पहले मनौउर अली के घर में घुस गया, जहां उसने टीवी, पंखा समेत कई घरेलू सामान तोड़फोड़ कर दिया। परिवार के लोग घबरा गए और बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की।
इसी बीच सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा सांभर को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन घबराया सांभर मनौउर के घर से निकलकर सीधा शरीफ के घर में जा घुसा, जहाँ दोबारा तोड़फोड़ हुई और अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भेजे गए वाचर नरेश और बिरजू ने बचाव कार्य में सहयोग किया।
मधवलिया रेंज के बीट इंचार्ज मार्कण्डेय पांडेय ने बताया कि संभवतः जंगल में भोजन-पानी की कमी के कारण सांभर आबादी की ओर भटक आया। उन्होंने कहा—
भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए वन क्षेत्र की निगरानी और बढ़ाई जाएगी तथा ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील है।
करीब आधे घंटे की अफरा-तफरी के बाद सांभर ने बड़ी छलांग लगाते हुए तहरहवा जंगल की ओर दौड़ लगा दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
सौभाग्य से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मनौउर और शरीफ के घरों में सामान टूटने से आर्थिक नुकसान जरूर हुआ।