*विवाहिता की संदिग्ध मौत में पति-सास पर मुकदमा, अदालत के आदेश पर पुलिस जांच शुरू।*

न्यूज रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी /निचलौल महराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

 

 

बेटी नहीं बोझ, फिर क्यों होती है प्रताड़ना?

निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के सेमरहना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

 

घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव निवासी अनीता वर्मा ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री पूजा वर्मा की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व सेमरहना गांव निवासी दीपक वर्मा से हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद पूजा ने बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल पक्ष का रवैया बदल गया।

 

आरोप है कि पुत्र की चाह में पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। दूसरी बार भी बेटी होने पर उत्पीड़न और बढ़ गया। कई बार मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से समझौते होते रहे, लेकिन हालात नहीं बदले।

 

पीड़िता पक्ष के अनुसार, 17 सितंबर 2025 की सुबह पूजा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इससे एक दिन पहले उसने फोन पर अपनी जान को खतरा बताते हुए परिजनों से बात की थी। स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर मामला अदालत तक पहुंचा।

 

न्यायालय के आदेश पर निचलौल थाने में पूजा के पति दीपक वर्मा और सास दुर्गावती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *