न्यूज रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/ निचलौल महराजगंज
प्रधान सम्पादक
सरकारी संपत्ति की लूट नहीं चलेगी, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र में नहर से निकाली गई सिल्ट की अवैध ढुलाई और बिक्री पर प्रशासन ने कड़ा प्रहार किया है। खोनहौली गांव के पास चिउटहां मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से जब्त कर लिया गया।
सूचना मिली थी कि नहर की सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट को नियमों के विपरीत नहर पटरी से हटाकर निजी उपयोग व बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता और तहसीलदार अमित सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि जेसीबी के माध्यम से सिल्ट को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा जा रहा था।
अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर तहसील परिसर पहुंचा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि नहर पटरी से सिल्ट की अवैध ढुलाई और बिक्री पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों से निकली सामग्री की अवैध ढुलाई या बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।