स्कूल-कॉलेजों में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रशासन सख्त, काउंसलर नियुक्ति के निर्देश बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों को तनावमुक्त रखने की पहल।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज

 

महराजगंज जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में इंटर कॉलेजों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सामान्य, सामाजिक एवं मानसिक स्थिति को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर समन्वय समिति एवं काउंसलर की नियुक्ति संबंधी बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों व कॉलेजों में मानसिक दबाव से जूझ रहे बच्चों को उबारने के लिए मनोचिकित्सक एवं प्रशिक्षित अध्यापकों की नियुक्ति हेतु एक सप्ताह के भीतर पत्रावली प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों एवं कोचिंग सेंटरों में मेधा क्षमता के आधार पर किसी प्रकार के समूह न बनाए जाएं, जिससे बच्चों पर अनावश्यक मानसिक दबाव न पड़े।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को मानसिक व सामाजिक तनाव से बचाने के लिए प्रत्येक विद्यालय में एक काउंसलर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जो छात्र-छात्राओं की नियमित काउंसलिंग के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करे।

 

इसके साथ ही उन्होंने कोचिंग सेंटरों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण से जुड़े आवेदनों की गहन जांच कर सत्यापन करने के निर्देश दिए। कोचिंग सेंटरों में मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच भी समिति द्वारा सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व विद्यालयों में मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं तनावमुक्त होकर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, डिप्टी सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *