रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
पनियरा (महराजगंज)। जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरिया में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। 28 वर्षीय युवक का शव उसके ही कमरे में फंदे से लटकता पाए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दीपक चौहान, पुत्र चंद्रिका चौहान के रूप में हुई है।
गांव की खामोशी टूटी, एक मौत ने खड़े किए कई सवाल।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक घर में अकेले रह रहा था। पारिवारिक सूत्रों की मानें तो जमीन के बंटवारे को लेकर उसका अपने पिता और सौतेली मां से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिस कारण वे लोग अलग रह रहे थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह घर का दरवाजा खुला देख बाहर खेल रहे बच्चों की गेंद भीतर चली गई। गेंद लेने कमरे में पहुंचे बच्चों की नजर जैसे ही दीपक के शव पर पड़ी, वे घबराकर बाहर भागे और शोर मचाया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जमीन विवाद सहित सभी संभावित कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना से गांव में शोक का माहौल है, वहीं युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।