रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी
नौतनवा (महराजगंज)।
गोरखपुर–सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार की शाम मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद कर तस्करी के बड़े प्रयास को विफल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत संपतिहा पुलिस चौकी के सामने मुखबिर की सूचना पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सोनौली से गोरखपुर की ओर जा रही एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी में लगे सीएनजी सिलिंडर के नीचे बेहद शातिराना ढंग से छुपाकर रखे गए 38 पैकेट चरस बरामद हुए।
प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 500 ग्राम बताया गया है, जिससे कुल बरामदगी करीब 19 किलोग्राम आंकी गई है। सूचना मिलते ही नौतनवा क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव तथा एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की निगरानी की।
कार चालक की पहचान गाजीपुर निवासी हेमंत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चरस जब्त कर ली है। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।