*धनहा नायक में पुल के नीचे मिला युवक का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस।*

न्यूज रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज 

सह संपादक

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलेगा मौत का राज।

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनहा नायक इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव पुल के नीचे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को अवगत कराया गया।

 

मृतक की पहचान 30 वर्षीय हरिनारायण के रूप में हुई है, जो कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगराई टोला ढोडहवां का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार युवक का शव धनहा नायक पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित पुल के नीचे पाया गया।

 

परिजनों ने बताया कि हरिनारायण को शराब पीने की आदत थी। सोमवार की शाम घर में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसकी सूचना डायल 112 पर भी दी गई थी। इसके बाद हरिनारायण घर से बाहर निकल गया और वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह जब शव मिलने की खबर गांव पहुंची, तो परिवार में कोहराम मच गया।

 

सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *