ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी सोनौली
प्रधान सम्पादक
महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सोनौली क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 22वीं वाहिनी ने तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मंगल बाजार के पास की गई इस कार्रवाई में नेपाल के रास्ते भारत लाए जा रहे विदेशी मक्का और किशमिश की भारी खेप को जब्त कर कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।
शुक्रवार देर रात एसएसबी को पुख्ता सूचना मिली थी कि नेपाल से तस्करी कर लाया गया सामान मंगल बाजार क्षेत्र में एकत्र किया गया है, जिसे आगे देश के बड़े महानगरों में भेजने की तैयारी चल रही है। सूचना के आधार पर 22वीं वाहिनी की एफ-समवाय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष नाका लगाया।
उप निरीक्षक (सा.) हरेंद्र गोगोई के नेतृत्व में आरक्षी पवन रजक, संदीप कुमार, ज्वाला बम सी तथा चालक राजेश चाहर की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 517/1 से लगभग 200 मीटर भारतीय सीमा के भीतर संदिग्ध सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरियों और कार्टूनों में पैक तस्करी का माल बरामद किया गया।
एसएसबी टीम ने मौके से 25-25 किलोग्राम वजन की 10 बोरियों में कुल 250 किलोग्राम विदेशी मक्का तथा 49 कार्टून किशमिश बरामद की, जिनका कुल वजन 490 किलोग्राम पाया गया। बरामद सभी सामान को तत्काल जब्त कर सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में एसएसबी असिस्टेंट कमांडेंट सी. विवेक ने बताया कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्कर तीसरे देश से सस्ते दामों पर मक्का और किशमिश नेपाल के माध्यम से भारत लाते हैं और फिर महराजगंज, गोरखपुर सहित अन्य शहरों में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाते हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर तस्करी रोकने के लिए एसएसबी की सतर्कता लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां तेज की जाएंगी।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ-साथ तस्करी जैसे अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर बनाए हुए है।