*भारत-नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 48.50 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए थाना परसामलिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। 19 फरवरी की देर रात सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक कार से 48.50 किलोग्राम चरस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

 

पुलिस टीम शिखुवानी शंकरपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। मौके पर ही चालक राकेश यादव पुत्र स्वर्गीय रामनरेश यादव, निवासी शेखुवानी शंकरपुर, को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

 

अधिकारियों का कहना है कि यह खेप सीमा पार से लाई गई होने की आशंका है। मामले में तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि मादक पदार्थ किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।

 

सीमावर्ती इलाकों में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *