ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी सिसवा
सह संपादक
महराजगंज (सिसवा)। एस.एस. लिटिल लाइट्स अकादमी, करमही में आयोजित वार्षिक परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह आज विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और गर्व के अद्भुत माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों और अभिभावकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि सफलता उन्हीं के कदम चूमती है, जो कठिन मेहनत और लगन से अपने सपनों को साकार करते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 3B की टॉपर छात्रा प्रिया रहीं, जिन्होंने 98.30% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं एलकेजी के टॉपर छात्र आदित्य ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इसके साथ ही अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं—आयांश यादव, अभिराज पांडेय, वैष्णवी विश्वकर्मा, कार्तिक पांडेय, रेहान हुसैन, उजाला और शमशाद अली—को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में इंटरमीडिएट के प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्रा सहित आदित्य पांडे, राकेश गुप्ता, मनीष पांडे और त्रिलोकी चौहान समेत कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन अजय कुमार मिश्रा ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इसी के साथ यह भव्य समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।