ब्यूरो रिपोर्ट/ स्तुत कुमार पाठक
निचलौल महाराजगंज
संस्कार, समरसता और राष्ट्रभाव — विराट हिन्दू सम्मेलन का संकल्प
झुलनीपुर/निचलौल।
निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के बैठवलिया मनरेगा मिनी स्टेडियम में आगामी 9 फरवरी को आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर सोमवार की दोपहर हिन्दू संगठनों द्वारा जनजागरण बाइक रैली निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बाइक रैली में भाग लेकर लोगों को सम्मेलन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम से पूर्व व्यास मुनि तिवारी द्वारा भूमि पूजन विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इसके बाद निकली बाइक रैली सीमावर्ती क्षेत्र के ग्राम सभा मिश्रौलिया, बैठवलिया, झुलनीपुर, बहुआर, कनमिसवा, भेडिहारी, बढ़या और डोमा के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः बैठवलिया पहुंचकर समाप्त हुई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत महाप्रचारक जितेंद्र पाल सिंह ने कहा कि विराट हिन्दू सम्मेलन समाज में संस्कार, समरसता और राष्ट्रभाव को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सम्मेलन में सहभागिता की अपील की।
शिव चरण बर्मा ने कहा कि हिंदू जनजागरण बाइक यात्रा का उद्देश्य समाज को जागरूक करना और सम्मेलन में जनभागीदारी बढ़ाना है।
डॉ. रतनलाल श्रीवास्तव ने ऐसे आयोजनों को समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला बताया।
वहीं उमाशंकर पाल ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में एकता और जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
रैली और कार्यक्रम में अंबरीश तिवारी, बेचन पासवान, खजांची शर्मा, हिरदेश, श्याम देव साहनी, विकास तिवारी, दीपक तिवारी, छबिलाल भारती सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र एएसपी सिद्धार्थ, सीओ निचलौल शिव प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा, कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, ठूठीबारी थाना प्रभारी नवनीत नगर, बहुआर चौकी प्रभारी भूपेंद्र प्रताप सिंह सहित पुलिस बल तैनात रहा।