*निपुण भारत मिशन के तहत ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे उत्सव’ का भव्य आयोजन।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ विश्वतेज त्रिपाठी

सिंदुरिया महराजगंज 

सिंदुरिया (महराजगंज)निपुण भारत मिशन को धरातल पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मिठौरा ब्लॉक परिसर में “हमारा आंगन, हमारे बच्चे उत्सव” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामहरख गुप्ता रहे। उन्होंने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद देउरवा आंगनबाड़ी केंद्र की नन्ही छात्रा कुमारी महिला की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन जीत लिया।

 

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी आनंद मिश्र ने शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नौनिहालों की शिक्षा केवल विद्यालय या आंगनबाड़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है। बच्चों को इस प्रकार शिक्षा दी जानी चाहिए, जिससे उनकी मानसिक क्षमता का विकास हो और उनमें सीखने की रुचि बनी रहे।

 

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता के अंतर्गत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बेसिक शिक्षा विभाग एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अभिभावक—तीनों की सहभागिता अनिवार्य है।

 

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *