ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी महाराजगंज
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी क्षेत्र के शांतिनगर स्थित काली मंदिर परिसर में काली मंदिर यज्ञ समिति द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री 108 श्री शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ अत्यंत भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। भक्ति गीतों, जयघोष, घोड़े और डीजे की धुनों के बीच निकली इस भव्य यात्रा ने पूरे कस्बे को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
यज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। यज्ञ आचार्य श्री कृष्ण पाठक एवं उनके सहयोगी आचार्यों ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। मुख्य यजमानों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही यज्ञशाला की परिक्रमा के लिए लंबी कतारें श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाती रहीं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि इस महायज्ञ के आयोजन से क्षेत्र में सुख-समृद्धि आएगी और वातावरण शुद्ध होगा। वहीं, रात के समय यज्ञ स्थल दीपों की रोशनी और आकर्षक लाइटिंग से जगमगा उठा, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
यज्ञ समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस और स्वयंसेवक पूरी तरह मुस्तैद हैं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है।
इस अवसर पर राजेश सिंह, अरुण निगम, अजय निगम, अमित निगम, शिवशंकर कसौधन, कुलदीप निगम, विशाल रौनियार, सुरेंद्र निगम, भवन निगम, सुनील निगम, मोहन, पिंटू, मनोज, राहुल सहित कई गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
आयोजकों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत करते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे और लोक कल्याण की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। ठूठीबारी का यह श्री शतचंडी महायज्ञ पूरे क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।