*सिसवा में होली पर निकलेगी भव्य नरसिंह शोभायात्रा, कार्यकारिणी बैठक में तय हुई रूपरेखा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी सिसवा 

सह संपादक 

 

सिसवा बाजार, महराजगंज। स्थानीय संगठन हिन्दू कल्याण मंच की आगामी पारंपरिक नरसिंह शोभायात्रा को लेकर कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक “मंच सभागार” सिसवा बाजार में सम्पन्न हुई। बैठक में होली महापर्व के अवसर पर निकाली जाने वाली भगवान नरसिंह की शोभायात्रा की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण कार्यकर्ताओं के बीच किया गया।

 

मंच के अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया ने बताया कि इस वर्ष होली पूर्णिमा पर भद्रा और चंद्रग्रहण का संयोग होने के कारण पुरोहितों के परामर्श से 2 मार्च की रात्रि 12:50 बजे होलिका दहन का निर्णय लिया गया है, जबकि 4 मार्च को होली महापर्व मनाया जाएगा। इसी शुभ अवसर पर भगवान नरसिंह की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य और आकर्षक होगी। शोभायात्रा का नेतृत्व शिवनारायण दास (श्री राम जानकी मंदिर, सोनौली) एवं शंभू नाथ (श्री राम जानकी मंदिर, बेलहिया) करेंगे। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सिद्धार्थनगर के सह विभाग प्रचारक अजीत भाई साहब के बौद्धिक संबोधन के उपरांत शोभायात्रा प्रारंभ होगी।

 

शोभायात्रा प्रातः 8 बजे श्री रामजानकी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर काली मंदिर, स्टेट चौक, सब्जी मंडी मार्ग, श्री श्याम मंदिर, रेलवे स्टेशन, पुरानी पुलिस चौकी, गोपाल नगर होते हुए श्री श्री 1008 हनुमानजी गढ़ी मंदिर तक जाएगी। इसके पश्चात वापसी में गोपाल नगर चौराहा, अमरपुरवा होते हुए पुनः श्री रामजानकी मंदिर पर समापन होगा।

 

मंच की ओर से नगरवासियों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। साथ ही परंपरा के अनुसार शोभायात्रा मार्ग पर स्वागत स्वरूप मटकी बांधने का अनुरोध किया गया है, जिसे शोभायात्रा के दौरान फोड़ा जाएगा।

 

बैठक में अमित पूरी, नितेश कुमार श्रीवास्तव, रवि यादव, विकास जायसवाल, मोहन रौनियार, रविराज जायसवाल, विवेक जायसवाल, अंकित लाठ, आशीष अग्रवाल, उमेश जायसवाल, विशाल सिंह, राजकुमार जायसवाल, आशीष जायसवाल, अंकित केडिया, श्यामदत्त पाण्डेय, योगेश जायसवाल, सुनील रौनियर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *