ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी निचलौल
प्रधान सम्पादक
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत कनमिसवा गांव के समीप सड़क निर्माण कार्य में तैनात एक गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ड्यूटी के दौरान गार्ड के अचेत होने की सूचना पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र स्थित ठठवली गांव निवासी सूरज सिंह (45 वर्ष), पुत्र उमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष निचलौल अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का विधिवत खुलासा किया जाएगा। फिलहाल कानून व्यवस्था की दृष्टि से स्थिति सामान्य है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया है।