ब्यूरो रिपोर्ट/धीरज प्रजापति मंडल प्रभारी गोरखपुर
महराजगंज जिले के लिए गर्व का क्षण है कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की दो मेधावी छात्राओं का चयन अंतरिक्ष विज्ञान के एक्सपोजर विजिट के लिए किया गया है। यह छात्राएं पहली बार हवाई यात्रा करते हुए श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण करेंगी।चयनित छात्राओं में कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय ऊटी, परतावल की गरिमा और प्राथमिक विद्यालय बड़हरा, पनियरा की अनुष्का शामिल हैं। दोनों ने जिले में सर्वोच्च अंक हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है। उनका चयन स्कूल, ब्लॉक और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छात्राएं सोमवार को गोरखपुर से स्लीपर बस के जरिए दिल्ली रवाना होंगी, जहां से इंडिगो की फ्लाइट द्वारा चेन्नई पहुंचेंगी। इसके बाद वे बस से श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण करेंगी।यह केंद्र भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का प्रमुख प्रक्षेपण स्थल है, जहां से देश के कई महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशन संचालित होते हैं।
भ्रमण के दौरान छात्राएं स्पेस म्यूजियम, लॉन्च व्यू गैलरी और रॉकेट गार्डन का अवलोकन कर अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों को करीब से समझेंगी।एडी बेसिक गोरखपुर संगीता सिंह ने बताया कि वह स्वयं छात्राओं के साथ रहेंगी,जिससे उनकी सुरक्षा और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और लोग छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।