*हनुमानगढ़ी पेट्रोल पंप के सामने भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत।*

न्यूज रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

प्रधान सम्पादक 

 

तेज रफ्तार बनी काल, एक घर का बुझ गया चिराग!

महराजगंज नगर क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हनुमानगढ़ी स्थित पेट्रोल पंप के सामने करीब रात 8 बजे हुए इस हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई।

मृतक की पहचान मऊपाकड़ मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय बृजेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बृजेश अपनी बाइक से गोरखपुर की ओर से महराजगंज नगर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक चार पहिया वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बृजेश उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना स्थल पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है और प्रारंभिक जांच में चार पहिया वाहन की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर संभाल लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *