ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी महाराजगंज
महराजगंज जिले के बरगदवा थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। पिपरा निवासी राकेश कुमार अग्रहरी ने हल्का दरोगा अवधेश यादव पर खुलेआम रिश्वतखोरी और दबाव बनाकर वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आरोप है कि एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के नाम पर दरोगा ने 25 हजार रुपये की डिमांड की। रकम न देने पर गंभीर धाराओं में जेल भेजने की धमकी दी गई। डर और दबाव में आकर राकेश ने 19 मार्च 2026 को अपनी ही दुकान पर 16,100 रुपये दरोगा को देने की बात कही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा लेन-देन दुकान में लगे CCTV कैमरे में आवाज सहित कैद होने का दावा किया जा रहा है। यही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि बाकी पैसे के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है और पुलिस पिकेट तक पर पैसे मांगे गए। रकम न देने पर दोबारा जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही है।
इधर, कथित घूसखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो ने खाकी की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है और आम जनता के बीच आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पीड़ित राकेश कुमार अग्रहरी ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस प्रशासन अपनी साख बचाने के लिए क्या कदम उठाता है या फिर मामला भी बाकी मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।