न्यूज रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी निचलौल महराजगंज
प्रधान सम्पादक
हादसा या वारदात? हर पहलू से सच्चाई तलाश रही पुलिस।
महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब निचलौल–महराजगंज मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। महिला का शव ग्राम सभा बरोहिया के पास मिला, जिसकी हालत बेहद क्षत-विक्षत थी। शव देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। महिला का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आई होगी, क्योंकि शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। हालांकि पुलिस इसे केवल सड़क हादसा मानकर नहीं चल रही है और हत्या समेत अन्य संभावित कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका के शरीर पर लाल रंग की साड़ी और गुलाबी रंग का स्वेटर मिला है। इन्हीं कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पहचान सामने आते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।