घर में सो रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, इलाज के दौरान मौत।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

 

रात की लापरवाही बनी जानलेवा, घर भी नहीं रहा सुरक्षित।

महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेसो पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। शनिवार देर रात घर में सो रहे युवक को एक अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

 

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है। मृतक के भाई गणेश पांडेय, निवासी ग्राम नौवली, थाना गोला, जनपद गोरखपुर वर्तमान पता ढेसो, थाना निचलौल ने घटना की तहरीर थाने में दी है। तहरीर के मुताबिक सूरज शनिवार रात सड़क किनारे बने अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए घर में घुस गया और सूरज को टक्कर मार दी।

 

हादसे में सूरज को गंभीर और प्राणघातक चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल को निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

 

घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *