*घरेलू गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर चलेगा अभियान।*

ब्यूरो रिपोर्ट/दिलीप कुमार पाण्डेय महराजगंज 

महराजगंज, 22 मार्च 2026। जनपद में घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और गैस एजेंसियों के जिला समन्वयकों के साथ ऑनलाइन बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए।

 

बैठक में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि कुल रिफिल सिलिंडरों की 85 से 95 प्रतिशत आपूर्ति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शी और समयबद्ध सेवा मिल सके।

 

एजेंसियों के प्रभारियों ने जानकारी दी कि 21 मार्च 2026 को जनपद में 8913 घरेलू गैस सिलिंडरों की बुकिंग हुई, जबकि औसत बुकिंग 11082 है। इसी दिन 12801 सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध था, जिसके सापेक्ष 5661 सिलिंडरों की बिक्री की गई। फिलहाल वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है और किसी बड़ी समस्या की सूचना नहीं है।

 

जिलाधिकारी ने चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्राधिकारियों के साथ लगातार भ्रमणशील रहकर गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रखें। स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी एजेंसी या व्यक्ति के इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

उन्होंने अधिकारियों को आकस्मिक निरीक्षण कर वितरण प्रक्रिया, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर अनियमितता मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

 

सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर देते हुए गैस एजेंसियों पर भीड़ नियंत्रण, उपभोक्ताओं को सुगमता से सिलिंडर उपलब्ध कराने तथा होम डिलीवरी के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सभी गैस एजेंसियों और गोदामों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने को कहा गया है।

 

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए एजेंसियां और संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता बरतें। इसके साथ ही चारों तहसीलों में प्रवर्तन दल गठित कर औचक छापेमारी और जांच अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं।

 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, सभी उपजिलाधिकारी तथा ईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल के जिला प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *