*अवैध खनन पर प्रशासन सख्त: डीएम–एसपी की बैठक में कड़े निर्देश, संयुक्त टीमों से चलेगा अभियान।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों, एआरटीओ और खनन अधिकारी के साथ बैठक कर कड़े निर्देश दिए।

 

हाल के दिनों में अवैध खनन और उसके परिवहन से जुड़ी लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हाइब्रिड मोड में आयोजित इस बैठक में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने अवैध खनन पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि जनपद में यह किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

बैठक में खनन निरीक्षक से पंजीकृत वाहनों और वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) की स्थिति की जानकारी ली गई। बताया गया कि जनपद में 327 वाहन पंजीकृत हैं, लेकिन केवल 8 में ही वीएलटीडी लगा है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बिना वीएलटीडी वाले वाहनों पर तत्काल विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि खनन सामग्री का परिवहन निर्धारित मानकों के अनुसार ही हो। गैर वाणिज्यिक वाहनों के उपयोग पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पंजीकृत वाहनों पर पहचान के लिए संकेतक चिन्ह अनिवार्य करने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश के लिए राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं, जो प्रमुख मार्गों पर औचक अभियान चलाकर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करेंगी।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी और खनन अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *