*डीजल–पेट्रोल और गैस की किल्लत की अफवाहों पर प्रशासन सख्त, डीएम बोले – जनपद में कहीं कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

उप सम्पादक 

महराजगंज, 08 मार्च 2026 सोशल मीडिया पर डीजल–पेट्रोल तथा एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पंप एसोसिएशन और जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में ईंधन और गैस की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि जनपद में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलिंडर की कोई कमी नहीं है।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसी मालिकों से आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। सभी संचालकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से डीजल–पेट्रोल और एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई मिल रही है तथा जनपद में किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है।

 

जिलाधिकारी ने साफ कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर ईंधन और गैस की कमी की अफवाह फैलाकर लोगों में अनावश्यक घबराहट का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में वाहनों के अलावा कनस्तर, बोतल या अन्य बर्तनों में डीजल–पेट्रोल की बिक्री न की जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध तरीके से बार-बार ईंधन खरीदने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दी जाए।

 

वहीं गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति केवल ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही की जाए और सिलिंडर का वितरण सीधे उपभोक्ताओं के घर तक सुनिश्चित किया जाए। बिना ऑनलाइन बुकिंग के सिलिंडर वितरण पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि गैस एजेंसी के गोदाम से सीधे सिलिंडर का वितरण नहीं किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को टीम गठित कर प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशासन के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। किसी भी तरह के उल्लंघन पर संबंधित पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह सहित पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के संचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *