ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/ महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 11 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह शुचितापूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि सामने आने पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने भी स्पष्ट किया कि सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग और अन्य अवैध तरीकों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया कि यदि परीक्षा ड्यूटी में तैनात किसी केंद्र प्रभारी, कर्मचारी या पुलिसकर्मी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
प्रशासन की यह सख्ती शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इससे अभ्यर्थियों में परीक्षा प्रक्रिया के प्रति विश्वास मजबूत होगा और योग्य उम्मीदवारों को निष्पक्ष अवसर मिल सकेगा।