ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 03 फरवरी 2026। जनपद में होली के पावन पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने नागरिकों को प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपदवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह रंगोत्सव हमें प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और आपसी एकता का संदेश देता है। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सद्भाव को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अपील की कि सभी लोग इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ-साथ शांति, संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का प्रयोग करें, जल का अनावश्यक दुरुपयोग न करें तथा कानून-व्यवस्था और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने भी जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। होली हमें आपसी मतभेद भुलाकर मिलजुल कर खुशियां बांटने की प्रेरणा देती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। नशे से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं संयमित ढंग से होली खेलें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने भी सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, नई आशा और सकारात्मकता का संचार करे। होली आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश देती है तथा हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना विकसित करने की प्रेरणा प्रदान करती है।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे प्रेम, विश्वास और भाईचारे के रंगों से इस होली को यादगार और सुरक्षित बनाएं।