ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय महराजगंज
फरेंदा, महराजगंज:
अधिक मुनाफे के लालच में अवैध तरीके से अफीम की खेती कर रहे एक किसान का भंडाफोड़ पुलिस ने कर दिया। फरेंदा क्षेत्र के खरखोड़ा गांव में किसान द्वारा की जा रही अवैध अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर 450 अफीम के पौधे बरामद किए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि खरखोड़ा गांव निवासी रामनरेश नेपाल अपने रिश्तेदार के यहां गया था। वहीं उसे अफीम की खेती और इसके फल से होने वाली मोटी कमाई की जानकारी मिली। लालच में आकर वह नेपाल से करीब 450 अफीम के पौधे लेकर आया और उन्हें अपने खेत के किनारे-किनारे लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो।
कुछ दिनों बाद जब पौधों में फल लगने लगे तो गांव के कुछ लोगों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने शनिवार को मौके पर छापा मारकर पूरे खेत की घेराबंदी कर दी और अफीम के सभी पौधों को जब्त कर लिया। इस दौरान आरोपी किसान रामनरेश को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि बरामद किए गए अफीम के पौधों को फिलहाल पुलिस की निगरानी में रखा गया है। न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें विधिवत नष्ट किया जाएगा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।