मानकविहीन निर्माण की शिकायत पर पत्रकार से अभद्रता का आरोप, डीएम से की गई कार्रवाई की मांग।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय 

परतावल/महराजगंज

मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर नगर पंचायत क्षेत्र में कराए जा रहे कथित घटिया इंटरलॉकिंग निर्माण की शिकायत करना एक पत्रकार को महंगा पड़ गया। जांच के दौरान नगर पंचायत के संबंधित जेई और वार्ड सभासद प्रतिनिधि पर पत्रकार से अभद्र व्यवहार और धमकी भरे शब्दों का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगा है।

 

इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी, निवासी नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 6 आज़ाद नगर, ने वार्ड सभासद के आवास से रामपुर चौबे मार्ग तक कराए जा रहे इंटरलॉकिंग कार्य की गुणवत्ता को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में निर्माण कार्य को मानकों के विपरीत बताया गया था।

 

आरोप है कि शिकायत की जांच के दौरान संबंधित अवर अभियंता (जेई) ने वास्तविक स्थल की जांच करने के बजाय किसी अन्य स्थान पर हुए निर्माण की तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड कर जल्दबाजी में शिकायत का निस्तारण कर दिया। इस पर पत्रकार द्वारा पुनः सही स्थल की जांच की मांग करते हुए दोबारा शिकायत दर्ज कराई गई।

 

शिकायत के लगभग एक सप्ताह बाद नगर पंचायत के कर्मचारी द्वारा पत्रकार को फोन कर मौके पर बुलाया गया। तय समय पर जब पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी अपने साथी पत्रकार अमित मिश्रा के साथ पहुंचे, तो वहां मौजूद संबंधित जेई कथित तौर पर नाराज़ हो गए। पत्रकार द्वारा पोर्टल पर अपलोड की गई जांच आख्या और फोटो में विसंगति दिखाने पर जेई ने यह कहकर अपना पक्ष रखा कि रिपोर्ट सही थी, लेकिन फोटो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गलत अपलोड कर दी गई।

 

इसी दौरान मौके पर पहुंचे वार्ड सभासद प्रतिनिधि पर आरोप है कि उन्होंने पत्रकारों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकी भरे लहजे में बात की।

 

घटना से आक्रोशित इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन से जुड़े पत्रकारों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषी अधिकारियों व जनप्रतिनिधि प्रतिनिधि पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर, वार्ड सभासद प्रतिनिधि ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रवक्ता करुणाकर राम त्रिपाठी, जिला कार्यकारिणी सदस्य अमित मिश्रा, तहसील उपाध्यक्ष महेश विश्वकर्मा, तहसील मीडिया प्रभारी राम आशीष विश्वकर्मा सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *