*नौतनवा में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, राजस्व विभाग की भूमिका पर उठे सवाल।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी नौतनवां 

मुख्य सम्पादक 

 

नौतनवा (महराजगंज)। नगर क्षेत्र के नौतनवा इंटर कॉलेज के पीछे स्थित सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध निर्माण कराए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी जमीन पर तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

 

मिली जानकारी के अनुसार जिस भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है, वह सरकारी अभिलेखों में दर्ज बताई जा रही है। इसके बावजूद वहां लगातार निर्माण कार्य होने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जमीन वास्तव में सरकारी है तो उस पर इस प्रकार का निर्माण कार्य होना गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि कुछ भूमाफिया सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं इस पूरे प्रकरण में राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह आरोप भी लगाए जा रहे हैं कि संबंधित हल्का लेखपाल की कथित मिलीभगत के कारण निर्माण कार्य को लेकर कार्रवाई नहीं हो रही है।

 

जब इस संबंध में हल्का लेखपाल कृष्ण गोपाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले पूरी स्थिति की पुष्टि कर ली जाएगी, उसके बाद ही इस पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है।

 

इधर, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी संपत्तियों पर कब्जे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *