ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 21 मार्च 2026 जनपद में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। नेशनल मानवाधिकार चेतना संगठन की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में भर्ती में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं, जिससे प्रशासनिक तंत्र में हलचल मच गई है।
पत्र के अनुसार, निचलौल और सिसवा ब्लॉक में चल रही आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर चयन किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ कर्मचारी और अधिकारियों की मिलीभगत से पैसे लेकर नियुक्तियां कराई जा रही हैं। इतना ही नहीं, पात्र अभ्यर्थियों को नजरअंदाज कर अपात्र लोगों को लाभ पहुंचाने की बात भी सामने आई है।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोग अपने परिजनों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से कथित रूप से धन उगाही की जा रही है और सत्यापन प्रक्रिया में भी पारदर्शिता नहीं बरती जा रही।
इस मामले को गंभीर बताते हुए संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाते हुए मेरिट के आधार पर चयन कराने की अपील की गई है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है और क्या वास्तव में दोषियों पर कार्रवाई होती है या नहीं।